बीएनआई रायपुर 'जोश 2026' महोत्सव संपन्न, 1,800 से अधिक उद्यमियों ने किया नेटवर्किंग का महाकुंभ

20 Jul 2026      65 Views

  • देशभर से पहुंचे उद्योगपतियों और व्यवसायियों ने साझा किए सफलता के सूत्र
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों एवं चैप्टरों का हुआ सम्मान

विश्व की सबसे बड़ी बिजनेस रेफरल संस्था बीएनआई (BNI) के रायपुर एवं रेस्ट ऑफ छत्तीसगढ़ रीजन द्वारा आयोजित वार्षिक महोत्सव 'जोश 2026' उत्साह, नेतृत्व, नवाचार और व्यावसायिक सहयोग का भव्य संगम बनकर उभरा। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 1,800 से अधिक उद्यमियों, उद्योगपतियों और बीएनआई सदस्यों ने इस आयोजन में भाग लेकर नेटवर्किंग, रेफरल मार्केटिंग, नेतृत्व विकास और व्यवसाय विस्तार के नए अवसरों पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता द्वय बाजरंग पाॉवर के डायरेक्टर बाजरंग गोयल एवं वीएनआर सीड्स के डायरेक्टर अरविंद अग्रवाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में व्यवसाय की वास्तविक ताकत केवल उत्पाद या पूंजी नहीं, बल्कि मजबूत नेटवर्क, विश्वास और दीर्घकालिक रिश्ते हैं। उन्होंने कहा कि सही लोगों से जुड़ाव और सकारात्मक सोच किसी भी उद्यम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।

कार्यक्रम में विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, श्रीकाकुलम-विजयनगरम, नागपुर, ओडिशा, भोपाल और सिलीगुड़ी सहित देश के विभिन्न बीएनआई रीजन से आए एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

बीएनआई रायपुर रीजन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स राजेश बाईस्या एवं श्वेता बाईस्या ने कहा कि बीएनआई केवल व्यापार बढ़ाने का मंच नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग, नेतृत्व और गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक संबंधों का वैश्विक नेटवर्क है। उन्होंने सदस्यों से अधिक रेफरल, बेहतर नेटवर्किंग और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश को देश के अग्रणी बीएनआई रीजन में स्थापित करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों एवं चैप्टरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा, जहां विजेताओं का जोरदार तालियों के बीच अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी विशेष आकर्षण बिखेरा। विभिन्न चैप्टरों ने टीम भावना, रचनात्मकता और संगठनात्मक एकजुटता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विश्वास, सहयोग और मजबूत संबंध ही सफल व्यवसाय की सबसे मजबूत नींव हैं।

बीएनआई का बढ़ता नेटवर्क

वर्तमान में बीएनआई रायपुर एवं रेस्ट ऑफ छत्तीसगढ़ रीजन के अंतर्गत 20 सक्रिय चैप्टर कार्यरत हैं, जिनसे 1,800 से अधिक व्यवसायी जुड़े हुए हैं। संस्था प्रदेश में व्यापारिक सहयोग, नेतृत्व विकास और रेफरल आधारित बिजनेस को निरंतर नई दिशा दे रही है। आने वाले समय में राजनांदगांव, जगदलपुर और अंबिकापुर सहित अन्य शहरों में नए चैप्टर प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने का और अधिक अवसर मिलेगा।