09 Aug 2026 59 Views
रायपुर। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और ग्रीन स्टील की दिशा में बढ़ते कदमों के बीच कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री यानी सीआईआई की ओर से ग्रीन स्टील एवं माइनिंग समिट 2026 का आयोजन 12 और 13 अगस्त को मेफेयर लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में किया जाएगा। समिट के पांचवें संस्करण में भारत के साथ फिनलैंड, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और स्वीडन सहित कई देशों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रेस ब्रीफिंग में सीआईआई ईस्टर्न रीजन स्टील सब कमेटी के चेयरमैन सिद्धार्थ अग्रवाल, सीआईआई छत्तीसगढ़ के चेयरमैन बजरंग गोयल एवं वाइस चेयरमैन आनंद सिंघानिया उपस्थित रहे।
40 से अधिक वक्ताओं के साथ आठ तकनीकी सत्र
समिट में 40 से अधिक वक्ताओं के साथ आठ तकनीकी सत्र और पैनल चर्चाएं होंगी। इनमें कम उत्सर्जन वाले इस्पात उत्पादन, ग्रीन स्टील को बढ़ावा देने वाली नीतियां और दुनिया में अपनाए जा रहे कम-कार्बन उत्पादन मॉडल पर चर्चा होगी। 50 से अधिक तकनीक प्रदाता स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन सफल बनाने 100 से अधिक उद्योग भागीदार बनेंगे।
समिट में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होकर भारत के प्रमुख इस्पात उत्पादक राज्यों में से एक छत्तीसगढ़ में सतत औद्योगिक विकास के रणनीतिक महत्व पर अपना संबोधन देंगे, वहीं वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही देश एवं विदेश के 400 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें नीति-निर्माता, इस्पात एवं खनन कंपनियां, तकनीकी विशेषज्ञ, तकनीक प्रदाता, स्थिरता विशेषज्ञ और शिक्षाविद एक मंच पर आएंगे।